शामली जिला अस्पताल में मंगलवार को नर्सिंग ऑफिसर सुमित के साथ हुई मारपीट के विरोध में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बुधवार को हड़ताल शुरू कर दी। नाराज कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में धरना देकर जोरदार नारेबाजी की। कर्मचारियों का आरोप है कि कुछ तीमारदारों ने सुमित के साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत सीएमएस से की गई, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। धरना और हड़ताल के चलते जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा और उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।