कांवड़ लेकर लौट रहे शिवभक्तों के स्वागत का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। शहर के शिव चौक से मुजफ्फरनगर रोड तक विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु आधी रात तक सड़कों पर डटे रहे और हरिद्वार से गंगाजल लेकर गुजर रहे कांवड़ियों पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान डीजे पर बज रहे भगवान शिव के भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए। बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा शहर शिवमय बना रहा। जगह-जगह शिवभक्तों के स्वागत के लिए लोग जुटे रहे और उन्हें प्रसाद भी वितरित किया गया। कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। वहीं शिव चौक पर कांवड़ियों और वाहनों की बढ़ती भीड़ के कारण जाम की स्थिति भी बनी। पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए जाम खुलवाया।