शामली जनपद में चौसाना चौकी क्षेत्र के गढ़ी हसनपुर रकबे में चोरों ने एक ही रात में सात किसानों की ट्यूबवेलों को निशाना बना लिया। चोर अलग-अलग ट्यूबवेलों से करीब 195 मीटर बिजली की केबल काटकर ले गए। कई किसानों के स्टार्टर का तेल भी बिखरा मिला। शुक्रवार सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को वारदात की जानकारी हुई, जिसके बाद उनमें रोष फैल गया। सात ट्यूबवेलों से काटी केबल चौसाना निवासी आयुष गोयल के दो खेतों की ट्यूबवेल से 40 मीटर, नयाकुंडा निवासी शराफत की ट्यूबवेल से 20 मीटर, कुंडाकलां निवासी यूनुस की ट्यूबवेल से 50 मीटर, नयाकुंडा निवासी सोमपाल की ट्यूबवेल से 20 मीटर, गढ़ी हसनपुर निवासी राजेंद्र की ट्यूबवेल से 35 मीटर, प्रवेश की ट्यूबवेल से 20 मीटर और पठानपुरा मजरा चौसाना निवासी सतेंद्र की ट्यूबवेल से 10 मीटर केबल चोरी हुई है। कार्रवाई की मांग पीड़ित किसान आयुष गोयल ने शनिवार को चौसाना चौकी प्रभारी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। किसानों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जल्द ही चोरी का खुलासा करने की बात कही।