शामली। कांधला क्षेत्र के गांव डुंडूखेड़ा में बिजली लाइन न जुड़ने को लेकर भाजपा नेता मनीष चौहान और जेई के बीच हुई तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में भाजपा नेता पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान बिजली की समस्या को लेकर जेई सत्यप्रकाश पर नाराजगी जताते हुए धमकी देते नजर आ रहे हैं। मनीष चौहान भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह के बेटे हैं। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले जेई टीम के साथ बिजली चोरी और बकाया वसूली के लिए गांव पहुंचे थे, जहां विवाद के बाद कई लोगों के कनेक्शन काट दिए गए थे। इसके बाद से ग्रामीणों के घरों में अंधेरा छाया हुआ था। आरोप है कि लाइन जोड़ने पहुंचे कर्मचारियों को जेई वापस बुला लेते थे।ग्रामीणों की शिकायत पर भाजपा नेता मनीष चौहान मौके पर पहुंचे और जेई से फोन पर बात की। वार्ता करते हुए भाजपा नेता और जेई के बीच नोक झोंक हुई। बातचीत में भाजपा नेता के बोल बिगड गए, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। भाजपा नेता बिजलीघर में आग लगाने तक की बात वीडियो में कहते हुए सुनाई दे रहे हैं। जेई सत्यप्रकाश ने वीडियो की जानकारी से इनकार किया है।