उत्तर प्रदेश के शामली जिले में शनिवार सुबह कांधला पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर नफीस मारा गया। नफीस पर लूट, गैंगस्टर, जानलेवा हमले और नकली करेंसी सहित 34 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह तीन गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था।
एसपी एनपी सिंह के अनुसार, कांधला पुलिस भभीसा चौकी क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर दोनों बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें नफीस गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
मृत नफीस कांधला कस्बे के मोहल्ला खेल का निवासी था और थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। मौके से पुलिस ने एक .32 बोर की पिस्टल, एक तमंचा .315 बोर, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग में थाना प्रभारी सतीश कुमार की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए।
एसपी ने बताया कि नफीस लंबे समय से अपराध जगत में सक्रिय था और कई जिलों की पुलिस को उसकी तलाश थी। उस पर दर्ज मुकदमों में हत्या, लूट, और जानलेवा हमले जैसे गंभीर अपराध शामिल थे। पुलिस का कहना है कि उसकी मौत से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर असर पड़ेगा।
पुलिस ने फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है।