शाहजहांपुर में व्यापार मंडल पदाधिकारियों के परिवार के चार युवकों के खिलाफ बदसुलूकी का आरोप लगाकर व्यापारियों ने बुधवार को एसपी कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान व्यापारियों ने जमकर नारेबाजी की। एसपी ने शाम तक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल कंछल गुट के महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम ने बताया कि सोमवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के परिवार के चार युवक 14 जुलाई को लोग खन्नौत नदी के पास सुबह सात बजे पतंग उड़ाने के लिए गए थे। यहां पर पुलिस पहुंची और चारों युवकों को लेकर चौक कोतवाली आ गई। उनसे कहा गया कि उनके मांझे से एक व्यक्ति की अंगुली कट गई है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें छोड़ने के लिए 20-20 हजार रुपये मांगे। न देने पर चालान कर दिया। धमकाया और गालीगलौज की। अपराधियों की तरह फोटो खिंचाकर मीडिया में दी गई। बुधवार को एसपी आफिस पहुंचे व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर विरोध जताया। एसपी राजेश द्विवेदी ने व्यापारियों से वार्ता की। उन्हें शाम तक कार्रवाई का आश्वासन दिया। सचिन बाथम ने बताया कि अगर समुचित कार्रवाई नहीं होती है तो चौक कोतवाली के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।