शाहजहांपुर में स्वामी शुकदेवानंद खेल महोत्सव का शुक्रवार को समापन हो गया। इसमें अंतर महाविद्यालीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में एसएस कॉलेज ने बाजी मारी। विजेताओं को डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह व मुमुक्षु संकुल के मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद ने शील्ड देकर सम्मानित किया। इस बीच अंतरमहाविद्यालयी बैडमिंटन टूर्नामेंट में एसएस कॉलेज ने बरेली कॉलेज को 21-18 से हराकर जीत हासिल की। इसी तरह सौ मीटर दौड़ बालक वर्ग में कुनाल प्रथम, ईशं सिंह द्वितीय व इशविंदर सिंह तृतीय रहे। बालिका वर्ग में प्राची प्रथम, वृंदा शर्मा द्वितीय व आरती तृतीय रहीं। समापन में अतिथियों ने विजेताओं को शील्ड व मेडल देकर सम्मानित किया। डीएम ने कहा कि आज के समय में खेल एक कॅरिअर बन चुका है। खेल में रोजगार की तमाम संभावनाएं विकसित हो चुकी हैं। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे समाज को फिट इंडिया मूवमेंट से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करें। इस बीच छात्राओं ने बिहार का झिझिया नृत्य व राजस्थान का चकरी नृत्य प्रस्तुत कर धूम मचाई। सचिव डॉ.अवनीश मिश्रा, प्राचार्य आरके आजाद, उपप्राचार्य प्रो.अनुराग अग्रवाल, क्रीड़ा सचिव प्रो.अजीत सिंह चारग, संयोजक डॉ.प्रांजल शाही आदि मौजूद रहे।