शाहजहांपुर में भाई दूज पर बहनों की भीड़ जिला कारागार में उमड़ी। बहनों ने जेल में बंद भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर मिठाई खिलाई। भाइयों को देखकर बहनें भावुक हो गईं। शाम तक आठ सौ से ज्यादा महिलाओं व तीन सौ बच्चों ने मुलाकात की। सुबह सात बजे से जेल में मिलाई का सिलसिला शुरू हो गया। 40 से 50 के समूह में बहनों को प्रवेश दिया गया। इससे पहले उनके बैग व अन्य सामान की तलाशी ली गई। जेल के अंदर दरी बिछाकर भाई दूज की व्यवस्था की गई थी। अंदर भाई-बहनों को समूह में बैठाकर त्योहार को परंपरागत तरीके से मनवाया गया। जेल में बंद भाई को मिठाई खिलाते हुए बहनें भावुक हो गईं और उनसे गले मिलकर रो पड़ी। इससे माहौल भावुक हो गया। जेल अधीक्षक मिजाजी लाल ने बताया कि जेल के अंदर बहनों के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई थी।