शाहजहांपुर में जीआईसी खेल मैदान पर चल रही श्री शिव महापुराण कथा का विश्राम होने के बाद शनिवार को पार्थिक शिवलिंग बनाकर रुद्राभिषेक किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग तैयार करके विधिवत पूजन व रुद्राभिषेक किया। समस्त पूजन सामग्री समिति की ओर से उपलब्ध कराई गई। शनिवार को दोपहर 12 बजे से जीआईसी खेल मैदान स्थित पंडाल में श्रद्धालुओं का एकत्रित होना शुरू हो गया। यहां श्री शिव महापुराण कथा की आयोजक आदर्श विकलांग कल्याण संस्थान के पदाधिकारियों की ओर से रुद्राभिषेक की तैयारियां कराई गई थीं। मंच से ब्राह्मणों द्वारा रुद्राभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं को विधि की जानकारी दी गई। उनके निर्देशानुसार श्रद्धालुओं ने मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग को अपने हाथों से बनाना शुरू किया। इसके बाद समिति की ओर से पूजन सामग्री उपलब्ध कराई गई। सभी तैयारियां पूरी होने के बाद मंत्रोच्चारण के साथ रुद्राभिषेक की प्रक्रिया शुरू हुई, जोकि कई घंटों तक चली। रुद्राभिषेक के बाद सामूहिक रूप से आरती हुई। मुख्य आयोजक हरिशरण वाजपेयी ने बताया कि रविवार को कथा स्थल पर दोपहर 12 बजे से भंडारा कराया जाएगा, जोकि प्रभु इच्छा तक चलेगा।