शाहजहांपुर जिले में रबी की फसलों की बोआई के लिए परेशान किसानों को समय से डीएपी खाद नहीं मिल पा रही है। जोताई के बाद खेत खाली पड़े हैं। साधन सहकारी समितियों में जब किसान खाद लेने के लिए पहुंचते हैं तो उन्हें आजकल कहकर टरकाया दिया जाता है। निगोही के साधन सहकारी समिति में मंगलवार दोपहर तक ताला बंद रहा। डीएपी लेने के लिए पहुंच रहे किसान ताला पड़ा देखकर मायूस होकर लौट गए। पतरासपुर गांव के किसान बादशाह ने कहा कि खाद के लिए रुपये दिए, लेकिन सचिव ने कहा कि खाद नहीं मिल पाएगी। दो एकड़ खेत में गेहूं की बोआई करनी है। जोताई हो चुकी है, लेकिन खाद न मिलने बोआई नहीं हो पाई है। किसान श्रीपाल ने बताया कि वह तीन चार दिन बार गोदाम आ चुके हैं, लेकिन अब तक खाद नहीं मिली।