रक्षाबंधन का पर्व सोमवार को मनाया जाएगा। शाहजहांपुर के बाजार में राखियों की दुकानें सज गईं हैं। इनमें रेशम के धागे के साथ ही चांदी की राखियां भी शामिल हैं। चांदी की राखी भी लोगों की पसंद बनी हुई हैं। शहर के जलालानगर, सदर बाजार, बहादुरगंज, घंटाघर, मालखाना मोड़, चौक, केरुगंज, बरेली मोड़ आदि स्थानों पर बाजारों में सड़क के किनारे दुकानदारों ने राखियों की दुकानें सजा ली हैं। इन दुकानों पर रेशम और सूत के धागे की राखियां उपलब्ध हैं। बहनें जहां अपने भाइयों के लिए भगवान गणेश, कन्हैया, श्याम बाबा की तस्वीर, ऊँ नम: शिवाय, जय माता दी, प्यारे भइया, हैप्पी रक्षाबंधन लिखी राखियां खरीद रहीं हैं। इसके साथ ही मोतियों से पिरोई राखियां भी पसंद बनी हुईं हैं। बच्चों को डोरेमॉन, छोटा भीम जैसे कार्टून वाली राखियां खूब भा रही हैं।