शाहजहांपुर में नगर निगम ने सोमवार को शहर के मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नगर निगम की टीम ने दुकानदारों को अपनी हद में सामान रखने की नसीहत दी गई। दोबारा अतिक्रमण मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद अधिकारियों के व्यस्त होने का फायदा उठाते हुए कई व्यापारियों ने अपनी दुकान का सामान सड़क तक फैला लिया था। इसकी वजह से बाजार में लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर छह मई के अंक में अमर उजाला में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित हुआ था। इसके बाद समस्या का संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त ने अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देशित किया। सोमवार सुबह करीब 11 बजे प्रवर्तन दल प्रभारी राजेंद्र त्रिपासिया के नेतृत्व में लाल इमली चौराहे से घंटाघर तक अतिक्रमण हटाया गया। कई व्यापारियों ने अपना सामान दुकान के बाहर सड़क पर रखा हुआ था। दुकानदार को कड़ी हिदायत देते हुए सामान तत्काल सड़क से हटवाकर अंदर रखवाया गया। सड़क किनारे ठेले लगाने वाले दुकानदारों को भी जाम न लगने देने की चेतावनी दी गई।