शाहजहांपुर में ठेके पर हर वार्ड में लगाए गए सफाईकर्मी काम नहीं कर रहे। सफाईकर्मियों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर कहा कि इन कर्मचारियों को हटाया जाए वरना वे हड़ताल पर चले जाएंगे। सोमवार को सफाई कर्मचारियों की ओर से नगर आयुक्त विपिन मिश्रा को ज्ञापन देकर बताया गया कि सभी 60 पार्षदों की ओर से 120 आउटसोर्सिंग-ठेका सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है। इन सफाई कर्मचारियों में एक भी वाल्मीकि समाज का नहीं है। ये सफाई कर्मचारी कार्य नहीं कर रहे हैं। फिर भी नगर निगम के सफाईनायकों पर इन 120 सफाईकर्मियों का वेतन बिना कार्य किए प्रमाणित करने का दबाव बनाया जा रहा है। इसको लेकर वाल्मीकि समाज में काफी रोष है। इन सफाई कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए और इनके स्थान पर स्वच्छकार-वाल्मीकि समाज के लोगों को नियुक्त किया जाए। अगर ये मांगे 48 घंटों के अंदर नहीं मानी गईं तो सभी सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इस दौरान संयोजक रमेश चंद्र सेठ, अध्यक्ष मुरारीलाल भास्कर, महामंत्री रमेश चंद्र कटारिया, अजय प्रधान, रामकृपाल मानू, विकास चंद्रा आदि मौजूद रहे।