शाहजहांपुर में ज्येष्ठ मास के चौथे मंगल को हनुमान जी की आराधना के साथ दान-पुण्य किया गया। कचहरी स्थित राजीव सभागार में सुंदरकांड का पाठ किया गया, तो रोडवेज परिसर में बालाजी महाराज का जागरण हुआ। इसके साथ ही घरों व मंदिरों में लोगों ने बजरंगी बली की पूजा अर्चना करने के साथ ही उनको फल, मिष्ठान का भोग लगाया। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। बड़ा मंगल पर दान-पुण्य के महत्व को ध्यान में रखकर जगह-जगह शरबत वितरण, भंडारा कराया गया। कलेक्ट्रेट में कोषागार कार्यालय के भंडारा हुआ। जिसमें सब्जी-पूड़ी का वितरण किया गया। कचहरी परिसर में भंडारा कराया गया, यहां अधिवक्ताओं ओर वादकारियों ने प्रसाद पाया। जबकि रोडवेज परिसर में भंडारे के दौरान भीड़ उमड़ी। रोडवेज कर्मचारियों, उनके परिवार के साथ ही यात्रियों ने भी भंडारा में सब्जी-पूड़ी का प्रसाद ग्रहण किया। घंटाघर पर कर्मयज्ञ संस्था की ओर से भंडारा करवाया गया।