शाहजहांपुर में सीवर लाइन के निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं। इसको लेकर अधिकारी मौन हैं। जिला पंचायत कार्यालय के सामने मैनहोल का ढक्कन पूर्व में क्षतिग्रस्त हो गया था। उसको बदलवा दिया गया, लेकिन नया भी टूट गया। दूसरे स्थानों पर भी यही हाल है। साथ ही कई जगह पर मैनहोल के ढक्कन सड़क से ऊंचे और नीचे हैं। इससे हादसों का खतरा है। कार्यदायी संस्था जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में सीवर कनेक्शन देने का कार्य हो रहा है। राज्य सेक्टर कार्यक्रम के तहत शहर में 186 किमी. सीवर लाइन बिछाने का काम वर्ष 2021 में शुरू हुआ था। इसको जून 2023 तक पूरा कराया जाना था, लेकिन किन्हीं कारणों से समय सीमा बढ़ती जा रही है। अब 31 दिसंबर 2024 तक काम पूर्ण कराने का प्रयास है। इस परियोजना को पूरा कराए जाने के लिए वर्ष 2019-20 में 377 करोड़ रुपये प्रस्तावित थे। टेक्नोक्राफ्ट के पक्ष में 248 करोड़ रुपये का टेंडर हुआ है।