शाहजहांपुर में अधिकारियों के पहुंचने पर दूसरे दिन भी ग्रामीणों ने छुट्टा पशुओं को मिनी स्टेडियम में बंद कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि छुट्टा पशुओं से छुटकारा दिलाया जाए। रविवार को मदनापुर के सिकंदरपुर कलां में फसलों को नष्ट करने से परेशान किसानों ने निराश्रित पशुओं को मिनी स्टेडियम में बंद कर दिया था। शाम करीब चार बजे भूखे-प्यासे पशुओं पर तरस खाकर गांव के ही निवासी पीआरडी के जवान शैलेंद्र सिंह ने स्टेडियम का ताला तोड़कर पशु बाहर निकाल दिए। लेकिन कोई अधिकारी और कर्मचारी किसानों की बात सुनने नहीं पहुंचा। पशु स्टेडियम से बाहर निकाले जाने की जानकारी मिलने पर किसानों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। सोमवार को किसानों ने फिर से छुट्टा पशुओं को मिनी स्टेडियम में बंद कर दिया है। किसानों का कहना है कि वह रातभर जाकर अपनी फसल की रखवाली कर रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारी हीटर लगाकर मौज से सो रहे हैं।