शाहजहांपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन प्रथम पाली का पेपर देकर केंद्र से बाहर निकले परीक्षार्थियों के चेहरे मायूस नजर आए। परीक्षार्थियों के अनुसार पेपर में सामान्य अध्ययन से जुड़े प्रश्नों को देखकर उनके होश उड़ गए। पिछली बार की अपेक्षा कठिन प्रश्नों ने परेशान किया। शनिवार को जिले में जीएफ कॉलेज, इस्लामियां इंटर कॉलेज, जीआईसी, आर्य महिला इंटर कॉलेज समेत सभी 12 केंद्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा हुई। सुबह 10 बजे से पहली पाली का पेपर शुरू हुआ। इसके लिए सवेरे आठ बजे से ही परीक्षार्थियों का केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। गेट पर ही पुलिस कर्मियों द्वारा चेकिंग के बाद में परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया। इस पाली के लिए 5256 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। इसमें से 3981 परिक्षार्थीउपस्थित रहे। जबकि 1275 परीक्षार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे।