सावन माह में कांवड़ियों के जत्थे से अलग एक युवक 65 लीटर गंगाजल लेकर 900 किमी की पैदल यात्रा पर निकला है। तीन-चार बांस और उसके दोनों किनारों पर बंधे गंगाजल से भरे दो ड्रमों को कंधों पर रखकर निकले युवक का नाम जॉनी सेन है। वह हरियाणा के चरखी दादरी जिले से हैं। जॉनी हरिद्वार से गंगाजल लेकर बाबा बागेश्वर धाम की पैदल यात्रा पर निकले है। जॉनी ने बताया कि वह बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के स्नान के लिए बड़े ड्रमों में गंगाजल भरकर ले जा रहे हैं। यह यात्रा उन्होंने अपनी मां के लिए शुरू की है। इस यात्रा का पुण्य लाभ भी अपनी मां को समर्पित करेगा। वह इसी इच्छा से बागेश्वर धाम जा रहे हैं ताकि उनकी मां को धीरेंद्र शास्त्री दर्शन दें। जॉनी बताते हैं कि एक बार उनकी मां खुद ही बागेश्वर धाम गई थीं, जहां वह 15 दिन रुकीं, लेकिन उन्हें धीरेंद्र शास्त्री के दर्शन नहीं हो सके। जिसके चलते उसने यह फैसला लिया कि धीरेंद्र शास्त्री के स्नान के लिए वह पैदल हरिद्वार से गंगाजल लेकर जाएंगे। बताया कि उसे इस यात्रा में 28 दिन हो गए हैं वह एक जुलाई को इस यात्रा के लिए निकले थे और 17 अगस्त को बागेश्वर धाम पहुंचने की संभावना है। इसके लिए उन्होंने प्रतिदिन 20 किमी चलने का लक्ष्य बनाया है।