शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के सफ्तयारा गांव में पुरानी रंजिश के चलते 30 वर्षीय ओमकार की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बुधवार को पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ की। मृतक की मां जोगवती ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार की शाम उनका पुत्र ओमकार खेत देखने के लिए घर से निकला था। कुछ देर के बाद जानकारी मिली कि बेटा खेतों में मरा पड़ा है। बेटे की गांव के रिजवान, जाबिर, कदीर, सामीर से रंजिश चल रही थी। लड़की भगाने की पुरानी रंजिश में लाठी-डंडों से घेरकर मारा पीटा। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बुधवार को इंस्पेक्टर राकेश मौर्या ने गांव में पहुंचकर घटनास्थल का नक्शा तैयार किया, साथ ही ग्रामीणों से पूछताछ की। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।