शाहजहांपुर के खुटार ब्लॉक के चांदपुर गांव में स्थित राजकीय हाईस्कूल बारिश में पानी से घिर जाता है। हालत यह है कि करीब 15 दिन से बच्चे जलभराव से गुजरकर पढ़ने जा रहे हैं। चांदपुर के राजकीय हाईस्कूल में 179 और जूनियर हाईस्कूल में 277 बच्चे पंजीकृत हैं। राजकीय हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक अतुल कुमार और जूनियर हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार यादव ने बताया कि बरसात शुरू होने से अब तक स्थिति ऐसी बनी हुई है। पिछले 15 दिनों से लगातार जलभराव है। बच्चों और शिक्षकों को रोजाना जूते-चप्पल उतारकर नंगे पांव पानी से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है। विद्यालय तक जाने का केवल एक ही मुख्य मार्ग है, जो पूरी तरह पानी से लबालब भरा हुआ है। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को विद्यालय पहुंचने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।