शाहजहांपुर में चोरी या गुम हुए 171 मोबाइल फोन को एसओजी व सर्विलांस सेल ने बरामद कर पीड़ितों को लौटा दिए। पुलिस का दावा है कि बरामद किए गए मोबाइलों की कीमत करीब 40 लाख रुपये होगी। मोबाइल गुम होने व चोरी की वारदात के बाद लोगों ने थाने व ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। सर्विलांस सेल ने मोबाइल की निगरानी करते हुए तलाशना शुरू किया। पुलिस ने करीब 171 मोबाइलों को बरामद कर लिया। बुधवार को पुलिस लाइन में हुई पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने शिकायतकर्ताओं को बुलाकर उनके मोबाइल लौटा दिए। गुम हुए मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे की खुशी लौट आई। एसपी सिटी ने बताया कि साइबर हेल्प डेस्क के कंप्यूटर ऑपरेटर व कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने लगभग 40 लाख रुपये के मोबाइलों को बरामद किया है। मोबाइल गुल होने या चोरी होने पर तुरंत ही दूरसंचार विभाग के नागरिकों की सुविधा के लिए शुरू किए सीईआईआर पोर्टल पर ब्लॉक या अनब्लॉक करा सकते हैं।