पेट्रो पदार्थों के दाम बढ़ गए हैं। शाहजहांपुर में पेट्रोल पर 86 पैसे और डीजल पर 92 पैसे की बढ़ोतरी की गई। शहरी इलाके में जहां पेट्रोल पंपों की स्थिति सामान्य रही। वहीं ग्रामीण इलाकों में पंपों पर लोगों की थोड़ी भीड़ बढ़ी है। जिले में करीब डेढ़ सौ पंपों का संचालन होता है। जिले में पेट्रोल पहले जहां 98.26 रुपये लीटर बिक रहा था। दाम बढ़ने के बाद 99.12 रुपये प्रति लीटर हो गया। इसी तरह डीजल पूर्व में 91.58 रुपये में बिक रहा था। रेट में इजाफा होने के बाद 92.50 रुपये हो गया। दाम बढ़ने के बाद शहरी क्षेत्र में कोई आपाधापी जैसी स्थिति नहीं थी। लोगों के अनुसार, ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर परिवहन, खाद्य पदार्थों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ेगा, जिससे आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा। पेट्रोल पंप संचालक राजू कपूर बताते हैं कि पेट्रो पदार्थ के दाम बढ़ने का असर दिख रहा है। पहले के मुकाबले बिक्री डाउन हो गई है।