शाहजहांपुर पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। अधिकारियों व कर्मचारियों ने फर्ज के खातिर अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद पुलिस वीरों को नमन किया। कार्यक्रम में एसपी राजेश द्विवेदी ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों के बलिदान को याद किया। दो मिनट का मौन रखकर वीरगति को प्राप्त हुए पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अन्य अधिकारियों ने पुष्प अर्पित किए। एसपी ने बताया कि जनसेवा के उच्च आदर्श को अपनाकर अनेकों पुलिसजन प्रतिवर्ष कर्तव्यपालन के दौरान वीरगति को प्राप्त होते रहे हैं। अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए कर्तव्य के लिए प्राणों की आहुति देने वाले ये पुलिस जन वास्तव में मरकर भी अमर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि शहीद पुलिस जवान हमारे प्रेरणास्त्रोत हैं। उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं त्याग से समाज में शांति, सुरक्षा एवं व्यवस्था का सुदृढ़ आधार स्थापित हुआ है। एसपी नगर देवेंद्र कुमार, एसपी देहात दीक्षा भांवरे अरुण, सीओ आदि मौजूद रहे।