शाहजहांपुर में दीपावली के बाद पुरानी व खंडित मूर्तियों का संग्रह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इन मूर्तियों को नदी में विसर्जित किया जाएगा। भारतीय युवा चेतना मंच की ओर से रोजा में स्थित बाबा आदर्श नाथ मंदिर से खंडित, परित्यक्त मूर्तियों का संग्रह शुरू किया गया। उसके बाद निवाजपुर, रेती, हथौड़ा होते हुए शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन के पास लाला तेली बजरिया, आवास विकास कॉलोनी, राधा विहार कॉलोनी में स्थित मंदिर व सार्वजनिक स्थलों से मूर्तियों का संग्रह किया गया। इस बीच गोष्ठी में संस्था के अध्यक्ष नरेंद्र त्यागी ने कहा कि देव मूर्तियों की पूजा करने के बाद सकारात्मक ऊर्जा हमारे जीवन को आलोकित करतीं हैं। सभी सनातनियों से अपेक्षा रहेगी कि वे पुरानी व खंडित मूर्तियों को मंदिरों या सार्वजनिक स्थलों पर फेंकने से बचें। उन सभी मूर्तियों को नदी में जल प्रवाह या समाधि देना चाहिए। इस मौके पर प्रदीप कुमार मिश्रा, पूर्व सभासद गोपाल दीक्षित, पंडित संगम शास्त्री,भगवान दास सक्सेना आदि मौजूद रहे।