शाहजहांपुर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार 28 मई को मनाया जाएगा। बकरीद के लिए बकरा बाजार भी सज गया है। हालांकि, अभी खरीदारी ने तेजी नहीं पकड़ी है। दूसरी ओर नमाज के लिए ईदगाहों व जामा मस्जिद में सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। ईदगाह कमेटी के सचिव सैयद कासिम रजा ने लोगों से कुर्बानी के फोटो सोशल मीडिया पर शेयर न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बकरीद पर अल्लाह की रजा के लिए कुर्बानी करें। उसकी नुमाइश करने से बचें। कुर्बानी करते समय फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर शेयर नहीं करें। एआई के दौर में छोटी सी लापरवाही बड़ी चिंगारी बन सकती है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में गाय और ऊंट की कुर्बानी पर प्रतिबंध है। इसलिए इसकी कुर्बानी बिल्कुल नहीं करें। मवेशियों के मलबे को नगर निगम के कंटेनर में डाले अथवा गड्ढा खोदकर जमीन में दबा दें।