शाहजहांपुर के थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव गुवारी में मंगलवार रात मकान पर पड़े छप्पर में अचानक आग लग गई। छप्पर के नीचे बंधे तीन जानवर झुलस गए। जानवरों को बचाने के प्रयास में ग्रामीण रामकीरत के हाथ बुरी तरह झुलस गए। रामकीरत ने बताया कि मंगलवार रात आठ बजे वह अपने पांच बच्चों समेत खाना खाकर सो गए थे। पत्नी लालपुर गांव में दावत में गई हुई थी। रात करीब 11 बजे उसके मकान के छप्पर में आग लग गई। उसकी आंख खुली तो चारों तरफ लपटें उठ रहीं थीं। उसने पहले बच्चों को बचाया फिर जानवर खोलकर बाहर किए। जैसे-तैसे उसने पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग से रजाई-गद्दे, साइकिल जल गई। एक भैंस और दो पड्डे भी झुलस गए। उनको बचाने में रामकीरत के दोनों हाथ बुरी तरह से झुलस गए। रामकीरत ने बताया कि आग कैसे लगी, उसे इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। उसकी गांव में किसी से रंजिश भी नहीं है।