शाहजहांपुर में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय बनने से जिले की शिक्षा व्यवस्था को नया आयाम मिलेगा। मुमुक्षु आश्रम ट्रस्ट की सभी इकाइयों को एकीकृत किया गया है। इसके तहत 15 दिन में अधिकतम नौ पद सृजित किए जाएंगे। संभावना है कि वर्ष 2026 में विश्वविद्यालय शुरू हो जाएगा। हालांकि विश्वविद्यालय का संचालन शुरू करने का कार्य शासन की ओर से किया जाएगा। पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने मुमुक्षु आश्रम को विश्वविद्यालय बनाने की पहल की थी। काफी उतार-चढ़ाव के बाद उनकी कोशिश रंग लाई। शासन ने उनके प्रयास को हरी झंडी देते हुए मंजूरी दे दी है। मंत्रिपरिषद ने ओएमयू की शर्तों के अनुसार, स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय की स्थापना किए जाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम 1973 के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई किए जाने के प्रस्ताव को सहमति प्रदान की है। इस मंजूरी के बाद संकुल में संचालित स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज, स्वामी शुकदेवानंद विधि महाविद्यालय, श्री देवी सम्पद ब्रह्मचर्य संस्कृत महाविद्यालय, श्री धर्मानंद सरस्वती कॉलेज और श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ को एकीकृत किया जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद कुलपति, कुलसचिव, वित्त अधिकारी और परीक्षा नियंत्रक समेत नौ पद सृजित किए जाएंगे। ये पद 15 दिन के अंदर सृजित होंगे। उसके बाद विश्वविद्यालय की आगामी प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा।