शाहजहांपुर में श्री रामलीला एवं प्रदर्शनी समिति ओसीएफ इस्टेट में 58वें पारंपरिक उत्सव का 19 सितंबर से उद्घाटन होगा। तीन अक्तूबर को रावण वध के बाद पुतला दहन होगा। मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन कैमरों से निगहबानी की जाएगी। बुधवार को पत्रकार वार्ता में मुख्य महाप्रबंधक राजेश कुमार वर्मा ने रामलीला मेले के आयोजन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर को श्री गणेश पूजन होगा। 20 को रामलीला मंचन प्रारंभ हेागा। प्रतिदिन शाम सात से रात दस बजे तक मंचन होगा। मंचन का सीधा प्रसारण भी होगा। इसके साथ ही दो बड़े एलईडी वॉल को लगाया जाएगा, जिससे लोगों को दिक्कत नहीं आए। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्माणी की सुरक्षा टीम के साथ पुलिस व होमगार्ड कैंप लगाए जाएंगे। स्थानीय इंटेलिजेंस के जरिये संदिग्ध लोगों पर निगाह रखी जाएगी। प्रमुख मैदान पर क्लोज सर्किट कैमरे लगाए जाएंगे, साथ ही ड्रोन से निगरानी होगी। बताया कि मेले पर निगाह रखने के लिए वॉच टावर लगाए जाएंगे। बच्चों के लिए झूले, खेल की दुकानें लगाई जाएगी।