शाहजहांपुर के पुवायां क्षेत्र के गांव जाठियापुर बुजुर्ग के पास बुधवार सुबह झाबर में एक मगरमच्छ देखे जाने के बाद भारी भीड़ लग गई। गांव के लोग झाबर के पास गए तो वहां एक मगरमच्छ पानी में तैर रहा था। जानकारी पाकर गांव के तमाम लोग मौके पर आए और वनकर्मियों को सूचना दी। वनकर्मी मौके पर पहुंचे और लोगों से मगरमच्छ के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वनकर्मियों ने मछुआरों और ग्रामीणों की मदद से झाबर में जाल डालकर मगरमच्छ को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन कई घंटे तक मशक्कत के बाद भी मगरमच्छ जाल में नहीं फंस सका। इसके बाद वनकर्मियों की टीम लौट गई। गांव जाठियापुर बुजुर्ग के लोगों ने बताया कि झाबर किनारे गांव के तमाम लोग जाते रहते हैं, इससे खतरा हो सकता है। गांव के लोगों ने मगरमच्छ को पकड़वाकर नदी में छुड़वाने की मांग की है। रेंजर वीरेश राव ने बताया कि टीम मौके पर भेजी गई थी, लेकिन मगरमच्छ पकड़ा नहीं जा सका है। मगरमच्छ को पकड़वाने का प्रयास किया जाएगा। गांव के लोगों को भी झाबर से दूर रहने को कहा गया है।