शाहजहांपुर में एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने रविवार को सिविल सेवा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सिविल सेवा परीक्षा केवल ज्ञान की नहीं, बल्कि दृष्टिकोण, धैर्य और आत्मविश्वास की परीक्षा है। अभ्यर्थियों को सबसे पहले अपनी दिशा स्पष्ट करनी चाहिए। जब दिशा स्पष्ट होती है। तभी दृष्टि विकसित होती है और व्यक्ति द्वंद्वों से पार पा सकता है। वह संकल्प भारत शोध न्यास व गांधी पुस्तकालय की ओर से मंडी स्थित लाइब्रेरी में ''सिविल सेवा: दिशा, दृष्टि और द्वंद्व'' विषय पर एक दिवसीय सेमिनार में बोल रहे थे। एडीएम ने युवाओं को संदेश दिया कि सफलता का मार्ग कठिन अवश्य है, परंतु निरंतरता, सकारात्मक सोच और आत्मानुशासन के साथ कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। उन्होंने परीक्षा की तैयारी में रणनीति, समय प्रबंधन और मानसिक संतुलन के महत्व पर विशेष बल दिया। अंत में अभ्यर्थियों ने प्रश्नोत्तर सत्र में भाग लेकर अपने शंकाओं का समाधान पाया। ललित हरि मिश्रा के संचालन में हुए कार्यक्रम में आभार शोध न्यास के संस्थापक डॉ. स्वप्निल यादव ने जताया। कार्यक्रम में पुस्तकालय उपाध्यक्ष डॉ.हरिओम त्रिपाठी, अमित यादव, शिवाजी गुप्त, विवेक कुमार, धर्मेंद्र दिवाकर, दिनेश मिश्रा, आशीष भारद्वाज, समर यादव, काजल यादव आदि मौजूद रहे।