शाहजहांपुर के तिलहर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की सीबी-नेट लैब की छत का प्लास्टर बुधवार रात अचानक गिर गया। इस घटना में लैब में रखी महंगी मशीनें क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत की बात यह रही कि हादसा रात में हुआ, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
सीमेंट और प्लास्टर के बड़े टुकड़े सीधे मशीनों और उपकरणों पर गिरे। बृहस्पतिवार सुबह जब कर्मचारी लैब पहुंचे तो वे अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। सीबी-नेट लैब के इंचार्ज सचिन गुप्ता और प्रमोद वर्मा ने बताया कि छत से भारी मात्रा में मलबा गिरा है। उन्होंने कहा कि यदि दिन में यह हादसा होता तो गंभीर चोटें आ सकती थीं। घटना के बाद कर्मचारियों में भय का माहौल है। उन्होंने भवन की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर सीएचसी प्रशासन हरकत में आया। सीएचसी प्रभारी डॉ. ओमेंद्र राठौर ने बताया कि यह भवन ओपीडी भवन के बाद बना था। उन्होंने लिंटर गिरने की घटना को गंभीर बताया। सुरक्षा के मद्देनजर सीबी-नेट लैब को दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा है। इंजीनियरों की टीम जांच के लिए बुलाई जा रही है।