शाहजहांपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का क्या हाल है, इसकी बानगी बुधवार को पुवायां सीएचसी से सामने आई है। बुखार से पीड़ित भाई को लेकर पुवायां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे युवक ने इलाज ठीक से नहीं मिलने का आरोप लगाया। युवक ने मौके पर वीडियो बनाकर अपना दर्द बयां किया।
पुवायां कस्बा निवासी वीरू गौतम अपने भाई को बुखार आने पर सीएचसी ले गया था। जहां डॉक्टर ने उसे भर्ती कर लिया। आरोप है कि दो घंटे तक मरीज भर्ती रहा, लेकिन कोई डॉक्टर देखने नहीं आया। इससे परेशान होकर वीरू ने सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के हालात बयां करते हुए एक वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
वीरू ने मामले की जानकारी सीएमओ को दी। इसके बाद उसके भाई का इलाज किया गया। सीएचसी अधीक्षक नरेंद्र पाल का कहना है कि वह गलत आरोप लगा रहा है। मैंने इमरजेंसी में खुद बैठकर इलाज किया। इसके बाद डॉ. सुशील कुमार ने भी पूरी देखरेख में इलाज किया। कोई दिक्कत नहीं होने दी।