शाहजहांपुर के जलालाबाद में बरेली-फर्रुखाबाद हाइवे पर नगर मोहल्ला आजादनगर को जाने वाली मोड़ के सामने रविवार शाम चलती कार में अचानक आग लग गई। कार बरेली निवासी किन्नर सुनैया चला रही थी। उन्होंने गाड़ी से उतरकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और करीब आधा घंटे से ज्यादा हाइवे पर आवाजाही बंद रहने से वाहनों की कतार लग गई।
लगातार बारिश होते रहने के बाद भी करीब आधा घंटा तक कार हाइवे पर धू-धूकर जलती रही। टायर और फ्यूल टैंक फटने से कई बार जोरदार धमाके हुए। हादसास्थल के आसपास बस्ती व दुकानें होने के कारण वहां अफरातफरी मची रही और लोग सहमे नजर आये। 45 मिनट के बाद दमकल यूनिट पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
कार बरेली निवासी सुनैया किन्नर चला रही थी। सुनैया ने बताया कि वह कार से मिर्जापुर गई थी और काम निपटाने के बाद बरेली जा रही थी। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि कार पूरी तरह जल गई, कोई अन्य नुकसान नहीं हुआ है।