जिले में भीषण गर्मी और उमस का असर लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल में वायरल फीवर, गले में संक्रमण, पेट दर्द, उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। जिला अस्पताल में मंगलवार को कुल 1919 मरीज इलाज कराने पहुंचे। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सिद्धार्थ कुमार ने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण लोग विभिन्न मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। कभी तेज धूप और गर्मी तो कभी बादल और नमी के कारण शरीर का तापमान संतुलित नहीं रह पा रहा है, जिससे गले में खराश, वायरल संक्रमण, पेट संबंधी समस्याएं और बुखार के मामलों में वृद्धि हुई है।