चंदौसी नगर पालिका के आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर स्थानीय निकाय कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने ईओ को संबोधित ज्ञापन सफाई निरीक्षक को सौंपा। आउटसोर्स कर्मचारियों के रुके हुए वेतन, टेरियर यूटिलिटी कंपनी द्वारा गलत तरीके से ईपीएफ का निस्तारण और सिक्योरिटी राशि के रुपये वापस न करने आदि समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि टेरियर यूटिलिटी कंपनी अधीनस्थ कर्मचारियों के 22 माह के ईपीएफ का निस्तारण कर्मचारियों के ईपीएफ खातों में जमा करने के बजाय सैलरी अकाउंट में कुछ राशि भेजकर निस्तारण कर रही है, जो नियमों के विरुद्ध है। कंपनी द्वारा 134 से अधिक कर्मचारियों से दस हजार रुपये की धनराशि सिक्योरिटी ने नाम पर वसूल की गई। अब यह राशि कर्मचारियों को ब्याज सहित वापस होनी चाहिए। साथ ही, फर्म भविष्य कांट्रैक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कुछ कर्मचारियों का महीनों पुराना रुका वेतन अब तक जारी नहीं किया गया है। संगठन के नगर अध्यक्ष सुमन भारती ने कहा कि ज्ञापन में दी गई मांगों पर पालिका द्वारा जल्द कार्य किया जाना चाहिए। क्योंकि देर से मिला न्याय भी अन्याय के बराबर होता है। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष अजय कुमार राजवर, विशाल वाल्मीकि, कैलाश चटवाल, नीरज, विक्रम, सुजीत, विष्णु, विशेष आदि मौजूद रहे।