स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का ही खेल खुल गया। कर्मचारी ही दूसरे लोगों के साथ मिलकर अवैध अस्पतालों से धन उगाही करते थे और संचालन कराते थे। फर्जी पंजीकरण तक कराकर देते थे। इसके लिए एक से पांच लाख रुपये की वसूली की जाती थी। दो कर्मचारी समेत सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें चार लोग जो वसूली करते थे उनको गिरफ्तार कर लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के दोनों कर्मचारियों समेत तीन की तलाश की जा रही है। इस मामले में डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया, एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई और सीएमओ डॉ. तरूण पाठक ने प्रेसवार्ता कर खुलासा किया।