संभल के मोहल्ला काेटपूर्वी में स्थित सनातन पब्लिक स्कूल की ओर से ही बच्चों के एडमिशन दूसरे स्कूलों में कराने के लिए भरोसा अभिभावकों को दिया जा रहा है। सोमवार को बड़ी संख्या में अभिभावकों के सवाल स्कूल के स्टाफ तक पहुंचे। इसको देखते हुए मंगलवार को स्कूल प्रबंध समिति ने अभिभावकों के साथ बैठक करने का निर्णय लिया है। इसमें स्पष्ट कर दिया जाएगा कि किन स्कूलाें में बच्चों के एडमिशन कराए जाने हैं। सनातन पब्लिक स्कूल में भी पहली जुलाई से कक्षाएं संचालित होंगी। पूरी तरह व्यवस्था बनने तक यह संचालन जारी रहेगा। इसके लिए डीएम ने निर्देश जारी कर दिए हैं। दमकल विभाग द्वारा एनओसी नहीं मिलने और अन्य मानक पूरे नहीं होने के चलते बच्चों की सुरक्षा का हवाला देते हुए सनातन पब्लिक स्कूल की प्रबंध समिति ने संचालन बंद करने का निर्णय शनिवार को लिया था। इससे अभिभावकों के साथ बच्चों की चिंता बढ़ गई थी। प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से इस मामले में संज्ञान लिया गया और तत्काल संचालन बंद नहीं करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि स्कूल में जितने भी बच्चे पढ़ते हैं उनका एडमिशन दूसरे स्कूलों में पहले कराया जाना है। इसके बाद जिन बच्चों की फीस जमा है उनकी फीस वापसी होनी है। हालांकि फीस वापसी के लिए प्रबंध समिति ने भी अभिभावको भरोसा दिया हुआ है लेकिन चिंता एडमिशन की सभी को सता रही थी। जिसका हल अब यह निकाला गया है कि पहली जुलाई से तो सनानत पब्लिक स्कूल ही संचालित होगा और उस समय तक संचालित किया जाएगा तब तक सभी बच्चों के एडमिशन दूसरे स्कूलाें में नहीं करा दिए जाएंगे। इसके लिए एक सप्ताह का समय तो प्रशासन ने दिया है।