सहारनपुर के चिलकाना में मंगलवार तड़के चिलकाना से सरसावा जाने वाले मार्ग पर गांव सुचेला के निकट एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। पेड़ के गिरने से न सिर्फ सड़क पर जाम लग गया, बल्कि बिजली की लाइन पर गिरने से पांच खंभे भी टूट गए, जिससे चलाकपुर, मंडोरा, त्रिलोकपुर, सुचेला, मानकपुर सादात, बौंसा और सलुनी गांवों में बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही चिलकाना पुलिस और विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विद्युत विभाग ने पेड़ को कटवाकर हटवाया, जिसके बाद करीब 11 बजे यातायात बहाल हो सका। बिजली विभाग के अवर अभियंता प्रदीप मौर्य ने बताया कि टूटे हुए खंभों को लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, लेकिन बरसात के कारण काम बाधित हो रहा है। देर रात तक आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।