सहारनपुर कोतवाली मंडी क्षेत्र के मोहल्ला बड़तला यादगार में मोनू (30) ने पारिवारिक क्लेश के चलते फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। युवक घरेलू विवाद से परेशान चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया है। मोनू की शादी कुछ साल पहले हुई थी। बुधवार देर रात मोनू का अपनी पत्नी के साथ किसी बात पर कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया और फांसी लगा ली। काफी देर बाद जब परिजन कमरे में पहुंचे तो अंदर से कुंडी बंद थी। खिड़की से झांककर देखा तो मोनू फंदे पर लटका था। पता लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी जांच पड़ताल की। मौके पर खून के नमूने लिए। कमरे को सील कर दिया। साथ ही आसपास के लोगों से जानकारी ली। एसपी सिटी व्योम बिंदल का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला पारिवारिक क्लेश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह पता चलेगी।