सहारनपुर जिले में बीते कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश अब आफत बन गई है। रविवार रात से लेकर सोमवार तड़के तक हुई तेज बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। शहर से लेकर कस्बों और गांवों तक पानी ने रास्ते रोक दिए हैं। छुटमलपुर, मुजफ्फराबाद और मिर्जापुर जैसे क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। इससे लोगों को सुबह-सुबह अपने जरूरी काम निपटाने में खासी परेशानी हुई। चिलकाना क्षेत्र के खादर इलाके में मसखरा और बूढ़ी यमुना नदी में उफान आने से ग्रामीण डरे हुए हैं। खेतों में पानी भरने से विशेष रूप से सब्जी उगाने वाले किसान प्रभावित हुए हैं, जिनकी फसलें बर्बादी के कगार पर हैं। फिलहाल बेहट क्षेत्र की नदियों और शाकंभरी सिद्ध पीठ की बरसाती नदी का जलस्तर स्थिर है, लेकिन लगातार बारिश के कारण इन नदियों में अचानक बाढ़ की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आपदा अलर्ट नहीं जारी हुआ है, लेकिन स्थानीय लोग सतर्क हैं।