सहारनपुर जनपद के छुटमलपुर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब फतेहपुर सीएचसी पर मेडिकल के लिए लाई गई एक युवती को हमलावरों ने पुलिस की मौजूदगी में गोली मार दी। बताया गया कि युवती कुछ दिन पहले एक युवक के साथ चली गई थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया था और मेडिकल के लिए अस्पताल लाई गई थी। मेडिकल के बाद युवती को प्राइवेट कार में बैठाकर सहारनपुर ले जाने की तैयारी की जा रही थी। कार में उप निरीक्षक और महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद थीं। इसी दौरान बाइक सवार हमलावर मौके पर पहुंचे और कार के शीशे के पास आकर युवती के सिर में एक के बाद एक कई गोलियां दाग दीं। घटना के बाद युवती लहूलुहान होकर गिर पड़ी, जिसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।