सहारनपुर जनपद के नागल में गांव नोंजली दनियालपुर स्थित हाजरा मस्जिद में नमाज अदा करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर हालात को संभाला। घटना में महिला समेत दो लोग घायल हो गए। ग्रामीण गुलजार, अब्दुल रहमान सहित अन्य लोगों ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उनकी बस्ती में स्थित हाजरा मस्जिद में सभी लोग मिल-जुलकर नमाज पढ़ते आ रहे हैं, लेकिन एक पक्ष उन्हें मस्जिद में नमाज पढ़ने से रोक रहा है। आरोप है कि इसी को लेकर बातचीत करने जब वे सुबह दूसरे पक्ष के पास पहुंचे तो आरोपितों ने छत पर चढ़कर उनके परिवार पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए, जिसमें अमरीशा घायल हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष के इकराम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव का एक पक्ष मस्जिद की जिम्मेदारी बदलने का दबाव बना रहा है। उनका कहना है कि वह जिम्मेदारी बदलने को तैयार हैं, लेकिन इसके बावजूद सुबह उनके ऊपर हमला कर दिया गया, जिसमें उन्हें भी चोट आई है। देवबंद क्षेत्राधिकारी अभितेष सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।