शिवरात्रि पर्व में अब महज एक दिन शेष रहने के साथ ही हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे डाक कांवड़ियों की रफ्तार तेज हो गई है। सहारनपुर जनपद में कांवड़ मार्ग पर शिवभक्त निर्धारित समय में अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लगातार दौड़ते नजर आ रहे हैं। दिन-रात कांवड़ मार्ग से डाक कांवड़ियों की टोलियां गुजर रही हैं। उनके साथ चल रहे साथी मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों से जरूरी सामान लेकर आगे-पीछे चलते दिखाई दे रहे हैं। बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच डाक कांवड़ियों का जोश देखते ही बन रहा है। शिवरात्रि पर शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए सभी तेजी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।