देवबंद में गोपाली मार्ग पर थीतकी गांव निवासी कारपेंटर हसनैन से लूट का मामला झूठा निकला। पुलिस के मुताबिक मालिक के रुपये हड़पने के लिए लूट की झूठी कहानी रची गई थी। पूछताछ करने पर उसने सच उगल दिया और उससे रकम भी बरामद हो गई है। मामला बृहस्पतिवार की दोपहर देवबंद-बरला मार्ग का है। हसनैन गोपाली पुलिस चौकी क्षेत्र में एक व्यक्ति के यहां कार्य कर रहा है। मालिक ने सामान लाने के लिए उसे 75 हजार रुपये दिए थे। कुछ देर बाद हसनैन ने पुलिस को बताया कि गोपाली मार्ग पर हथियारों से लैस बदमाशों ने उसके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई। हसनैन से पूछताछ करने पर पुलिस को उस पर शक हुआ। सख्ती बरती गई तो उसने सच उगल दिया। पुलिस ने बताया कि उसके मन में लालच आ गया था। रुपये हड़पने के लिए ही उसने लूट की झूठी कहानी रची। बाद में उससे रकम भी बरामद कर ली गई है। हसनैन से पूछताछ जारी है।