आज सबसे पहले चर्चा दिल्ली को दहलाने वाले साजिशकर्ताओं की करेंगे....व्हाइट कॉलर गैंग की साजिशों को लेकर लगातार बड़े खुलासे हो रहे हैं...डॉ. आदिल की गिरफ्तारी के बाद जांच में नए खुलासे सामने आ रहे हैं। सहारनपुर के फेमस अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर आदिल की शादी और मां की बीमारी को लेकर उसके साथियों ने बताया कि किसी को अंदाजा नहीं था कि वह आतंकी गतिविधियों से जुड़ा है। एटीएस अब उसके संपर्कों की जांच कर रही है।
डॉक्टर के वेश में आदिल कितने खतरनाक मंसूबे पाल रहा था, इसकी भनक किसी को नहीं थी। लेकिन उसकी गिरफ्तारी के बाद जैसे-जैसे एटीएस की जांच आगे बढ़ रही है, कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। फरीदाबाद में विस्फोटक पदार्थ और हथियारों का जखीरा मिलने के बाद अब एजेंसियों को शक है कि क्या आदिल पश्चिमी यूपी में बड़ा आतंकी नेटवर्क खड़ा करने की तैयारी में था।
अनंतनाग का रहने वाला डॉ. आदिल उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में अंबाला रोड स्थित फेमस मेडिकेयर अस्पताल में कार्यरत था। 7 नवंबर को उसकी गिरफ्तारी के बाद से पुलिस और खुफिया एजेंसियां सक्रिय हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आदिल पश्चिमी यूपी के कई डॉक्टरों के संपर्क में था, जिनमें से कुछ जम्मू-कश्मीर के मूल निवासी हैं। एजेंसियां अब इन सभी संपर्कों की गहन पड़ताल कर रही हैं।