बिलासपुर। ई पंजीकरण के विरोध में बिलासपुर लाॅयर्स वेलफेयर एसोसिएशन, बार एसोसिएशन, एडवोकेटस एसोसिएशन, स्टांप बैंडर, दस्तावेज लेखक आदि ने शनिवार को आठवें दिन भी तहसील में हड़ताल बरकरार रखी। सभी ने तहसील में जुलूस निकालकर पूरे दिन सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। रामपुर बार एसोसिएशन अध्यक्ष सतनाम सिंह मट्टू ने पहुंचकर वकीलों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि ई पंजीकरण व्यवस्था निरस्त न होने तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने सरकार पर अधिवक्ताओं का हनन करने का आरोप भी लगाया। लॉयर्स अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, बार अध्यक्ष राजेंद्र सक्सेना, एडवोकेट्स एसोसिएशन अध्यक्ष रीतेश अग्रवाल ने संयुक्त रुप से कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती उनका आंदोलन ऐसे ही चलता रहेगा। इस मौके पर राकेश शर्मा, प्रवेश सिंह चौहान, नवीन चंद्र गुप्ता, विमल सक्सेना, अब्दुल मोबीन, शिव कुमार गुप्ता, हरीश चंद्र गुप्ता, महफूज अली, नूर जमा, जिया उल अंसारी, राजेश शर्मा, सदीद अहमद,सुशील आर्य आदि मुख्य थे। वहीं, सब रजिस्ट्रार कार्यालय में भी पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। अधिकारी व कर्मचारी भी कामकाज बंद होने के कारण मायूस दिखे। प्रभारी सब रजिस्ट्रार रामनरेश राना ने बताया कि आठ दिनों में कोई रजिस्ट्री न होने के कारण करीब दो करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हुआ है।