मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे बड़ा श्रेय प्रदेश की जनता को जाता है, जिसने विकास के लिए जनप्रतिनिधियों को चुना। उन्होंने कहा कि आपने अच्छे जनप्रतिनिधि और अच्छे विधायक चुने हैं, इसलिए विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं और लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गरीबों को राशन दो-दो, तीन-तीन और कई बार छह-छह महीने तक नहीं मिल पाता था, जबकि आज हर महीने नियमित रूप से मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लखनऊ से ई-पॉस मशीनों के माध्यम से पूरे वितरण तंत्र की निगरानी की जाती है। यदि कहीं भी गड़बड़ी होती है तो सिस्टम तुरंत इसकी जानकारी देता है और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। पहले रसोई गैस सिलेंडर गरीबों के लिए सपना हुआ करता था, लेकिन आज हर गरीब परिवार तक उज्ज्वला योजना का लाभ पहुंचा है। इसी तरह पहले आयुष्मान भारत योजना का लाभ उपलब्ध नहीं था, जबकि आज पात्र गरीब परिवारों के पास पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड उपलब्ध है।