रायबरेली। सदर कोतवाली क्षेत्र के कोलवा और कोलवा खुर्द मजरे इब्राहीमपुर गांव में मंगलवार रात दो पक्षों में मारपीट हुई। रास्ते में साइकिल और बाइक सवार में टक्कर के बाद यह विवाद बढ़ा। इसमें दो गांव आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों से जमकर ईंट पत्थर चले। पथराव में प्रियांशु (27), हनुमान (70), इन्द्रजीत (30), देवेश समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाने पहुंची एम्बुलेंस पर भी ग्रामीणों ने पथराव किया। इससे एम्बुलेंस का आगे का शीशा टूट गया और चालक भी मामूली रूप से जख्मी हो गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस के साथ सीओ सिटी आशीष निगम और एएसपी आलोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। भदोखर और मिल एरिया समेत तीन थानों का पुलिस बल भी वहां पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों से कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। सीओ आशीष निगम ने बताया कि दो गांवों के लोगों में मामूली बात पर विवाद हुआ था। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है, लेकिन मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।