तहसील परिसर में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। मुख्य भवन की तीसरी मंजिल का जर्जर छज्जा रेलिंग समेत अचानक भरभराकर आंगन की ओर गिर पड़ा। घटना से पूरे परिसर में खलबली मच गई। हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे के समय बारिश हो रही थी, जिससे तहसील परिसर का लॉन खाली था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे तेज आवाज के साथ छज्जा गिरा। यह हिस्सा एसडीएम कक्ष के निकट स्थित है। मौके पर मौजूद तहसील कर्मचारियों ने बताया कि जिस जगह मलबा गिरा वहां प्रसाधन बना हुआ है। आमतौर पर फरियादी और कर्मचारी इस प्रसाधन का इस्तेमाल भी करते हैं। इसके अलावा आंगन एसडीएम कक्षा के बगल में होने के कारण अक्सर लोग वहां खड़े रहते हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि यह हिस्सा काफी समय से जर्जर अवस्था में था। कई बार इसकी जानकारी एसडीएम व तहसीलदार को दी गई, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। घटना के बाद भवन की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। कहा कि अगर यह हादसा किसी व्यस्त समय में होता तो जान-माल की भारी क्षति से इन्कार नहीं किया जा सकता। एसडीएम मिथलेश त्रिपाठी ने बताया कि तहसील में छज्जा गिरने का मामला संज्ञान में नहीं है। जांच कराई जाएगी और उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।