रिफार्म क्लब मैदान में आयोजित प्रथम श्रीराम कृष्ण कटियार स्मारक एलीट पुरुष व महिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले हुए। इस दौरान कई मुकाबले जोरदार रहे। पुरुष और महिला मुक्केबाजों ने रिंग में दमखम दिखाया। भारतीय एमेच्योर मुक्केबाजी महासंघ की ओर से मध्य भारत मुक्केबाजी संघ के संयोजन में राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप आयोजित हो रही है। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद रायबरेली के अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया। मुकाबलों में 50 किलोग्राम भार वर्ग (पुरुष) में अंडमान एंड निकोबार के श्रीजेश विजेता रहे तो मध्य प्रदेश के कमल सिसोदिया को उप विजेता रहे। 80 से अधिक किलोग्राम भार वर्ग (महिला) में दिल्ली की स्वाति विजेता हुईं। उन्होंने उत्तर प्रदेश की मुस्कान को हराया। 65 किलोग्राम भार वर्ग (पुरुष) में दिल्ली के लोकेश डांगी ने जीत हासिल की। दूसरे स्थान पर हरियाणा के अमित रहे। 54 किलोग्राम भार वर्ग (महिला) में दिल्ली की आरजू विजेता रहीं। उपविजेता के तौर पर अंडमान एंड निकोबार की ज्योति रहीं। 90 किलोग्राम भार वर्ग (पुरुष) में दिल्ली के अनित विजेता रहे। असम के आकाश उपविजेता रहे।